
जांजगीर-चांपा में नशे में धुत दूल्हे से शादी से किया इनकार, परिवार ने भी बेटी के फैसले का किया समर्थन; एसपी ने किया सम्मानित
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक दुल्हन ने आत्मसम्मान और जागरूकता की मिसाल पेश करते हुए शराब के नशे में धुत दूल्हे से शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन के इस साहसिक फैसले की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।जानकारी के अनुसार, चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा निवासी मुस्कान प्रधान की शादी ग्राम खोखरा निवासी संत कुमार से तय हुई थी। 23 जून को बारात पूरे रीति-रिवाज के साथ पहुंची, लेकिन द्वार पूजा के दौरान दूल्हा शराब के नशे में लड़खड़ाता नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
जब दुल्हन को दूल्हे की हालत की जानकारी मिली तो उसने शादी से इनकार करते हुए कहा, “जो व्यक्ति शादी जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर खुद को नहीं संभाल सकता, वह जीवनभर रिश्ते और परिवार की जिम्मेदारी क्या संभालेगा।”
दुल्हन के फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ देर विवाद की स्थिति बनी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश दी। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। इस दौरान दुल्हन के परिवार ने समाज के दबाव में आने के बजाय बेटी के निर्णय का पूरा समर्थन किया।
घटना की जानकारी मिलने पर जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने दुल्हन मुस्कान प्रधान और उसके परिवार को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक शादी टूटने की नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ समाज को जागरूक करने वाला मजबूत संदेश है।
यह मामला एक बार फिर इस बात को रेखांकित करता है कि आज की बेटियां अपने आत्मसम्मान और भविष्य से जुड़े फैसलों पर समझौता करने के बजाय साहसपूर्वक सही निर्णय लेने के लिए आगे आ रही हैं।