
जामगांव आर। जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति कल्पना नारद साहू तथा जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर की अनुशंसा पर विकासखंड पाटन क्षेत्र में विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी मिशन के अंतर्गत कुल 72.49 लाख रुपये के 11 विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी प्रशासनिक स्वीकृति आदेश के अनुसार इन कार्यों में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, पेयजल प्रबंधन, शिक्षा एवं आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया है।
स्वीकृत कार्यों में ग्राम गातापार एवं धौराभाठा में 25-25 KLD क्षमता के अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र (WWT) निर्माण के लिए 7.22-7.22 लाख, इसी तरह मोतिपुर, सांकरा, उमरपोटी तथा बेल्हारी में सामुदायिक शौचालय निर्माण के लिए 4.50-4.50 लाख, अचानकपुर में आंगनबाड़ी भवन के कक्ष क्रमांक 03 के निर्माण के लिए 11.69 लाख रुपये तथा शुक्लाडीह, बेल्हारी, औरी एवं मोतिपुर के स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 7.09-7.09 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों की स्वीकृति से पाटन क्षेत्र के संबंधित गांवों में स्वच्छता, शिक्षा, आंगनबाड़ी एवं सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के साथ ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।