जामगांव आर । मां वृंदा देवी डिंडा कपाट धाम आगेसरा में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आज आठवां एवं अंतिम दिवस श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ । कथा के अंतिम दिन सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष, भागवत चढ़ोतरी, गीता पाठ, हवन एवं सहस्त्रधारा स्नान जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए।कथा के क्रम में भगवताचार्य पं उत्कर्ष शर्मा ने अपने प्रेरणादायक प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उन्होंने सुदामा चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि सच्ची मित्रता और भक्ति में किसी प्रकार का स्वार्थ नहीं होता। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की कथा हमें यह संदेश देती है कि श्रद्धा और समर्पण से ही जीवन में वास्तविक सुख और शांति प्राप्त होती है।
पंडित शर्मा ने परीक्षित मोक्ष प्रसंग में बताया कि जीवन क्षणभंगुर है, इसलिए मनुष्य को सदैव धर्म, सत्कर्म और ईश्वर भक्ति में लीन रहना चाहिए। कथा के दौरान प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु डिंडा कपाट धाम पहुंचकर मां वृंदा देवी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत आगेसरा के सरपंच रमाकांत साहू, उपसरपंच सुशीला साहू, सरजू राम साहू, नंदकुमार पटेल, बसंत सार्वा, केशव सोनी,संतराम साहू, तीरथ पटेल, छबलु साहू एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।