जामगांव आर। दक्षिण पाटन के प्रमुख केन्द्र जामगांव आर में आस्था और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिलेगा, जहां चंद्राकर परिवार द्वारा नगर के हृदय स्थल में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा आगामी श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर संपन्न होगी। स्थानीय हनुमान मंदिर के समीप निर्मित इस भव्य मंदिर का निर्माण उड़ीसा के कुशल कारीगरों द्वारा प्राचीन वास्तु शैली में किया गया है, जो अपनी स्थापत्य कला से श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। मंदिर में भगवान श्रीराम एवं माता जानकी की दिव्य प्रतिमाएं अयोध्या फ्रेम में मयूरगंज (उड़ीसा) से विशेष रूप से मंगाई गई हैं। इसके अतिरिक्त नवग्रह सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की भी स्थापना की जाएगी, जिससे यह स्थल एक संपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित होगा। उल्लेखनीय है कि नगर के कारसेवक जिलोखन चंद्राकर के संकल्प को साकार करते हुए बसंत चंद्राकर के सुपुत्र संदीप चंद्राकर ने अपने निजी पुरुषार्थ से इस मंदिर का निर्माण कराया है।
मुख्य आयोजक संदीप चंद्राकर ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री दुर्गाष्टमी के शुभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा बाजार चौक से प्रारंभ होकर शीतला तालाब में वरुण पूजन के पश्चात किसान चौक, सदर लाइन होते हुए श्रीराम मंदिर पहुंचेगी, जहां आचार्य पंडित मिथलेश शर्मा के सानिध्य में वेदी पूजन सम्पन्न होगा। संध्या बेला में सुर ओ चंदम बैंड ग्रुप द्वारा भजन संध्या की सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी।
कार्यक्रम के दूसरे दिन 27 मार्च को श्रीराम नवमी के पावन पर्व पर मध्यान्ह में श्री विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से सम्पन्न होगी। इसके उपरांत विशाल भंडारा एवं महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। सायं 4 बजे किसान चौक से भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। इसके पश्चात बाजार चौक में आयोजित विशाल धर्मसभा में राष्ट्रीय संत श्रीराम बालकदास महात्यागी का प्रवचन होगा तथा अयोध्या कारसेवकों का सम्मान भी किया जाएगा। रात्रिकालीन प्रख्यात भजन संध्या विवेक शर्मा ग्रुप की सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। मुख्य आयोजक संदीप चंद्राकर ने क्षेत्र के समस्त सनातन श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक आयोजन में सहभागिता का आग्रह किया है।