
जामगांव आर। दक्षिण पाटन क्षेत्र के ग्राम धमना और नवागांव बी के श्मशान घाट एवं मुक्तिधामों में अब अत्याधुनिक प्रतीक्षालय का निर्माण होगा। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को जिला पंचायत सभापति एवं भाजपा नेत्री कल्पना नारद साहू के प्रयासों से स्वीकृति मिली है। दोनों गांवों में प्रतीक्षालय निर्माण की स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू ने बताया कि दोनों गांवों के ग्रामीणों द्वारा मुक्तिधाम में प्रतीक्षालय निर्माण की मांग उनके समक्ष रखी गई थी। ग्रामीणों की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने इस मांग को सांसद विजय बघेल के समक्ष रखा, जिस पर सांसद बघेल ने पहल करते हुए दोनों गांवों में अत्याधुनिक प्रतीक्षालय निर्माण की स्वीकृति दिलाई।
भाजपा नेत्री कल्पना नारद साहू ने कहा कि मुक्तिधाम में प्रतीक्षालय जैसी मूलभूत सुविधा होने से अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की स्वीकृति दिलाने के लिए सांसद विजय बघेल का आभार व्यक्त किया,उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीणों की मांगों को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर उन्हें स्वीकृति दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।