
छात्रा शिबू चंद्राकर की पहल पर होगा गणेशोत्सव का आयोजन, शक्तिपीठ परिसर में पहली बार स्थापित होगी गणपति प्रतिमा
जामगांव आर। गणेशोत्सव पर्व के अवसर पर इस वर्ष गायत्री शक्तिपीठ आमालोरी में भगवान विघ्नहर्ता गणेश की भव्य स्थापना की जाएगी। शक्तिपीठ परिसर में पहली बार गणपति बप्पा के विराजने को लेकर श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। गायत्री शक्तिपीठ के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय नीलमणि भारद्वाज की सुपोत्री शिबू चंद्राकर की पहल पर शक्तिपीठ परिसर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। गणेशोत्सव को श्रद्धा और संस्कार के साथ मनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन की तैयारियों में संस्कार पब्लिक स्कूल के बच्चे उत्साहपूर्वक जुटे हुए हैं। बच्चे गणपति स्थापना स्थल की सजावट सहित अन्य तैयारियों में सहभागिता कर रहे हैं। शक्तिपीठ परिसर में पहली बार आयोजित होने वाले इस गणेशोत्सव को लेकर बच्चों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।