रायपुर। पाकिस्तान सीमा से हेरोइन लाकर रायपुर समेत कई राज्यों में सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का छत्तीसगढ़ पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब से 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो ट्रक ड्राइवरों और कुरियर नेटवर्क के जरिए हेरोइन की सप्लाई करते थे। जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान से सटे सीमावर्ती इलाकों से 1200 से 1300 रुपए प्रति ग्राम के हिसाब से हेरोइन खरीदते थे। इसके बाद इसे पंजाब लाकर ट्रकों के जरिए रायपुर सहित अन्य राज्यों में भेजा जाता था। रायपुर में यही हेरोइन 6000 से 8000 रुपए प्रति ग्राम तक बेची जाती थी।
कुरियर से घर-घर पहुंचती थी ड्रग्स
तस्कर रायपुर पहुंचने के बाद हेरोइन को छोटे-छोटे पार्सलों में पैक कर कुरियर के जरिए ग्राहकों के घरों तक पहुंचाते थे। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि पार्सल भेजने के बाद आरोपी उसका वीडियो बनाकर खरीदारों को भेजते थे, ताकि डिलीवरी का प्रमाण दिया जा सके।
हथियार के दम पर चलता था नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों में कवलजीत सिंह पन्नू, तरसेम सिंह, विक्की सिंह और जनक राज शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक बरेटा पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इससे स्पष्ट है कि पूरा कारोबार हथियारों के दम पर संचालित किया जा रहा था।
मास्टरमाइंड ‘पन्नू’ टियर-1 सप्लायर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कवलजीत सिंह पन्नू इस सिंडिकेट का मुख्य सरगना है, जिसे ‘टियर-1’ सप्लायर माना गया है। वह सीधे पाकिस्तान सीमा से जुड़े नेटवर्क से हेरोइन खरीदता था। पन्नू पहले भी रायपुर और पंजाब की जेलों में रह चुका है।
चार चरणों में पुलिस कार्रवाई
रायपुर के कबीर नगर और आमानाका थानों में दर्ज मामलों के आधार पर पुलिस ने साइबर सेल के साथ मिलकर 21 मार्च को पंजाब में दबिश दी और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूरी कार्रवाई चार चरणों में की गई—
- पहले चरण में रायपुर के स्थानीय सप्लायर्स को पकड़ा गया।
- दूसरे चरण में कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए।
- तीसरे चरण में ट्रक और कुरियर नेटवर्क का खुलासा हुआ।
- चौथे चरण में मुख्य सप्लायर को पंजाब से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 2 लाख रुपए कीमत की 12 ग्राम हेरोइन भी बरामद की गई है।
पहले भी हुआ था बड़ा खुलासा
इससे पहले रायपुर पुलिस ने तीन महीने पहले 9 सप्लायर्स को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 80 लाख रुपए की 400 ग्राम हेरोइन जब्त की थी। उस दौरान भी पंजाब से रायपुर तक करीब 1600 किलोमीटर लंबी सप्लाई चेन का खुलासा हुआ था।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।