रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे इस राज्यव्यापी अभियान के तहत 4 दिसंबर 2025 तक हर पंजीकृत मतदाता से भरा हुआ गणना प्रपत्र प्राप्त करना सुनिश्चित किया जा रहा है। निर्वाचन विभाग के अनुसार 19 नवंबर तक लगभग 37 लाख गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है। वहीं 98.99% प्रपत्र BLO द्वारा घर-घर जाकर वितरित किए जा चुके हैं, जो इस अभियान की तीव्र गति को दर्शाता है।
•मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कर रहे दैनिक समीक्षा
अधिकारियों ने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रोजाना अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि न तो संग्रह प्रक्रिया में और न ही प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में कोई बाधा आए। सभी जिला कार्यालयों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि हर पात्र मतदाता तक पहुंचकर गणना प्रपत्र समय पर भरवाया और जमा कराया जाए।
•सोशल मीडिया पर तेज हुआ प्रचार-प्रसार
मतदाताओं को फॉर्म भरने में आसानी हो, इसके लिए सीईओ छत्तीसगढ़ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों—फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम—का सक्रिय उपयोग कर रहा है।
इन प्लेटफॉर्मों पर—एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया,वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की विधि
आम समस्याओं के समाधान से जुड़े वीडियो और पोस्ट
लगातार साझा किए जा रहे हैं। इससे मतदाताओं को फॉर्म भरने के दौरान आने वाली कठिनाइयों का त्वरित समाधान मिल रहा है।