परीक्षा पे चर्चा ! सेजेस बेल्हारी के विद्यार्थियों ने सुना प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन,पीएम मोदी का मंत्र— पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी, 2047 का सपना आपकी पीढ़ी पूरा करेगी

जामगांव आर। परीक्षा पे चर्चा के 9वें संस्करण के अंतर्गत शुक्रवार को स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं इंग्लिश माध्यम विद्यालय बेल्हारी के छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव मार्गदर्शन सुना। इस दौरान पीएम मोदी ने विद्यार्थियों को पढ़ाई, जीवन और खेल के संतुलन का महत्व समझाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत जीवन ही नहीं, बल्कि सामाजिक जीवन के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल को भी जीवन का अहम हिस्सा बनाना चाहिए। पीएम मोदी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि परिवार में कोई बच्चा तेज है, तो उससे प्रतिस्पर्धा करने के बजाय उससे सीखने की कोशिश करनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का मेरा सपना आप सभी के जीवन और भविष्य से जुड़ा है, और इसे साकार करने की जिम्मेदारी आपकी पीढ़ी की है।प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा गांधी और भगत सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि जब उनके प्रयासों से देश को आज़ादी मिल सकती है, तो आज हम सब मिलकर अपने प्रयासों से विकसित भारत का लक्ष्य क्यों नहीं हासिल कर सकते।

कार्यक्रम के दौरान शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष मनीष चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि परीक्षा पे चर्चा जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के मानसिक दबाव को कम करने के साथ उन्हें सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास से भरते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन बच्चों को लक्ष्य के प्रति सजग और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों से छात्रों में पढ़ाई के साथ जीवन मूल्यों का भी विकास होता है। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता हलधर महमल्ला, शिक्षकगण यू.के. पटेल, के. हेमावती, नीता वर्मा, सी.के. साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *