YC न्यूज़ डेस्क । देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) की 22वीं किस्त का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब समाप्त होने वाला है। कृषि मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार होली पर्व से पहले पात्र किसानों के बैंक खातों में ₹2000 की सम्मान राशि ट्रांसफर करने की तैयारी पूरी कर चुकी है। इस वर्ष होली का त्योहार 4 मार्च 2026 को है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि फरवरी के अंतिम सप्ताह या मार्च के पहले तीन दिनों के भीतर यह राशि किसानों के खातों में भेज दी जाएगी। इससे किसानों को रबी फसलों की तैयारी और घरेलू जरूरतों में बड़ी राहत मिलेगी।
e-KYC और NPCI मैपिंग अनिवार्य, जरा सी चूक रोक सकती है किस्त
किस्त जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते हजारों किसानों का भुगतान अटक सकता है। जिन किसानों के बेनेफिशियरी स्टेटस में e-KYC ‘Pending’ या ‘Failed’ दिख रहा है, उनकी किस्त रोकी जा सकती है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं किसानों के खातों में राशि भेजी जाएगी, जिनका आधार बैंक खाते से लिंक है और NPCI मैपिंग पूरी है। पिछली किस्तों के अनुभव बताते हैं कि कई किसानों का भुगतान बैंक खाता निष्क्रिय होने या डीबीटी (DBT) सक्षम न होने के कारण फेल हुआ। यदि स्टेटस में ‘Bank Error’ दिख रहा है, तो तुरंत बैंक जाकर आधार सीडिंग और डीबीटी सक्रिय कराना जरूरी है।
पेमेंट स्टेटस के शब्दों का मतलब समझना जरूरी
किसान अधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना स्टेटस अवश्य जांचें। वहां दिखने वाले शब्दों के मायने इस प्रकार हैं—
Payment Initiated: भुगतान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
FTO Generated & Payment Under Process: फंड ट्रांसफर ऑर्डर जारी, राशि जल्द खाते में आएगी।
Rft Signed by State Government: राज्य सरकार ने सत्यापन कर केंद्र को भुगतान की अनुमति दी है।
Payment Failed: तकनीकी कारणों से भुगतान रुक गया है।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
किसान PM Kisan मोबाइल ऐप या अधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Know Your Status’ विकल्प से अपनी जानकारी जांचें। यदि किसी भी कॉलम में लाल निशान या ‘No’ दिखाई दे, तो तुरंत सुधार के लिए नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), लेखपाल या कृषि कार्यालय से संपर्क करें।