पाटन। मानवता और जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए “पाटन के लाल रक्तदाता सेवा परिवार, अचानकपुर” के तत्वावधान में संचालक पप्पू साहू के जन्मदिवस पर क्षेत्र का चौथा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत पाटन के सभापति प्रणव शर्मा विशेष रूप से उपस्थित हुए और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर में कुल 39 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जीवनदान का संदेश दिया। आयोजन समिति की ओर से रक्तदाताओं को हेलमेट और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सभापति प्रणव शर्मा ने कहा कि “रक्तदान महादान है — यह समाज के प्रति हमारी मानवता की सच्ची सेवा है।” उन्होंने आयोजक समिति को इस प्रेरणादायी पहल के लिए बधाई दी और आगे भी ऐसे सामाजिक कार्यों में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
संचालक पप्पू साहू द्वारा निरंतर रक्तदान और लोगों को प्रेरित करने के कार्य की सराहना करते हुए सभापति ने उन्हें समाजसेवा का सच्चा उदाहरण बताया। कार्यक्रम के अंत में रक्तदाता सेवा परिवार की ओर से प्रणव शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।