पाटन। कोसरिया मरार पटेल समाज के नवगठित “झीट राज्य” के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन शनिवार को उत्साह, गरिमा और सामाजिक एकता के माहौल में न्यू बाजार चौक, ग्राम झीट महुदा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता दुर्ग जिला मरार समाज अध्यक्ष आत्मा राम पटेल ने की।कार्यक्रम की शुरुआत मां शाकम्भरी देवी के तेल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल का स्वागत शाल और श्रीफल भेंट कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने समाज के प्रमुख सदस्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
सांसद बघेल ने समारोह में किचन सेंट एवं बाउंड्री वॉल का लोकार्पण करते हुए कहा, “समाज सेवा ही मेरा संकल्प है। आज मैं दूसरी बार सांसद इसलिए बना हूं क्योंकि समाज ने मुझे अपार स्नेह और समर्थन दिया है। यह समाज की एकता और जागरूकता की शक्ति है।”कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, जिला पंचायत सदस्य नीलम राजेश चंद्राकर, एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष रामबाई गजानंद सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
जिला अध्यक्ष आत्मा राम पटेल ने नवगठित झीट राज्य के अध्यक्ष कामता प्रसाद पटेल को बधाई देते हुए कहा कि यह संगठन समाज को नई दिशा देगा और सामाजिक एकता को सशक्त बनाएगा। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष सुनील पटेल के नेतृत्व की सराहना की।।अपने संबोधन में कीर्ति नायक ने कहा, “हमारे सांसद विजय बघेल जी समाज के हर आग्रह को गंभीरता से लेते हैं। जब भी उनसे कोई मांग की जाती है, वह खाली हाथ नहीं लौटाते — यही उनका बड़प्पन है।” उन्होंने समाज को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
झीट राज्य अध्यक्ष कामता प्रसाद पटेल ने कहा कि उन्हें यह दायित्व 31 अगस्त को सौंपा गया है, और वे समाज की सेवा को प्राथमिकता बनाकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही उसकी असली शक्ति है।सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा, “समाज के अध्यक्ष पद पर मुझे निर्विरोध चुना गया, यह मेरे लिए गौरव की बात है। राजनीति से ऊपर उठकर समाज सेवा में सभी को जुड़ना चाहिए। समाज एक गंगा की तरह है, जिसमें डुबकी लगाकर हम आत्मिक रूप से पवित्र हो सकते हैं।”
इस अवसर पर राजु साहू, नारायण पटेल, देवेंद्र पटेल, हितेंद्र पटेल, भोज कुम्हारी पटेल, शशि पटेल, हितेश पटेल, बीरु सिगौर, धर्मेंद्र कौशिक, विवेक कौशिक, जीवन साहू, तिरथ पटेल, जुड़ावन पटेल, हरदिया भोयर सहित समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।