
रोजगार गारंटी कार्य का भी किया निरीक्षण, ग्राम राखी में राशन दुकान संचालक के खिलाफ ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
पाटन। क्षेत्र के ग्राम राखी में अधोसंरचना एवं पर्यावरण मद से स्वीकृत 10 लाख रुपये की लागत से वार्ड क्रमांक 2 में होने वाले गली सिमेंटीकरण कार्य का रविवार को भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सभापति प्रणव शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
भूमिपूजन के पश्चात प्रणव शर्मा गांव में संचालित महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के कार्यस्थल पर पहुंचे और वहां कार्यरत ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं शासन की विभिन्न योजनाओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों का हालचाल जाना तथा विकास कार्यों की जानकारी ली। बैठक के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने गांव की राशन दुकान को लेकर नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन दुकान संचालक बृजराज वर्मा द्वारा समय पर राशन वितरण नहीं किया जाता तथा कई हितग्राहियों को महीनों तक राशन नहीं मिल पाता। ग्रामीणों का कहना था कि इस संबंध में खाद्य विभाग में शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित संचालक द्वारा कई स्थानों पर राशन दुकानों का संचालन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने सार्वजनिक रूप से इस मामले की लिखित शिकायत करने की बात कही और प्रशासन से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम में ग्राम के उपसरपंच रोशन दांडेकर, उत्तम बंजारे, हिरेंद्र देवांगन, ग्राम पंचायत के पंचगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।