
जामगांव आर । पुलिस विभाग में 40 वर्षों तक उत्कृष्ट, कर्तव्यनिष्ठ एवं निष्पक्ष सेवाएं देने के बाद 31 मई 2026 को उप निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए नारायण प्रसाद साहू का उनके गृहग्राम उमरपोटी में ग्रामीणों एवं परिजनों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने उनके दीर्घ सेवाकाल, अनुकरणीय कार्यशैली और समाज के प्रति समर्पण की सराहना की। नारायण प्रसाद साहू का जन्म 24 मई 1964 को ग्राम उमरपोटी, तहसील पाटन, जिला दुर्ग में हुआ। उन्होंने 18 सितम्बर 1986 को तत्कालीन मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक पद पर भर्ती होकर अपने सेवा जीवन की शुरुआत की। वर्ष 1987-88 में पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र माना, रायपुर में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने रक्षित केन्द्र दुर्ग सहित विभिन्न थानों एवं इकाइयों में अपनी सेवाएं दीं।
बताया गया कि अपने सेवाकाल के दौरान वे थाना साजा, नांदघाट, दुर्ग, मोहननगर, विशेष अपराध अनुसंधान इकाई (एसआईयू) दुर्ग रेंज, पुलगांव, पत्थलगांव, कोतबा एवं बागबहार सहित अनेक महत्वपूर्ण स्थानों पर पदस्थ रहे। मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर वे आरक्षक से पदोन्नत होकर प्रधान आरक्षक, सहायक उप निरीक्षक तथा अंततः उप निरीक्षक के पद तक पहुंचे। उन्होंने लूट, डकैती, हत्या, धोखाधड़ी एवं अन्य गंभीर अपराधों की विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से वर्ष 2021 में थाना पत्थलगांव क्षेत्र के चर्चित हिट एंड रन मामले के दौरान उत्पन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उन्होंने साहस, धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी में उल्लेखनीय योगदान दिया। उत्कृष्ट अनुसंधान एवं सराहनीय सेवाओं के लिए उन्हें अनेक बार नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्रों से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अंकालू राम साहू ने कहा कि नारायण प्रसाद साहू अपने सरल, सौम्य एवं मार्गदर्शक व्यक्तित्व के कारण विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच “गुरूजी” के नाम से विशेष रूप से लोकप्रिय एवं सम्मानित रहे हैं। उन्होंने अपने अनुभव और व्यवहार से अनेक युवा पुलिसकर्मियों का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर चन्द्रदेव साहू, टीकाराम साहू, गयाराम साहू, विमल साहू, गातापार के सरपंच रेवाराम साहू, सुखुराम ठाकुर तथा ओबीसी संयोजन समिति छत्तीसगढ़ के प्रचारक युवराज सिंह गंजीर सहित अन्य वक्ताओं ने नारायण प्रसाद साहू को स्वस्थ, सुखमय एवं समृद्ध भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
हेलमेट और पौधों का वितरण कर दिया सड़क सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
आभार प्रदर्शन करते हुए नारायण प्रसाद साहू ने सभी ग्रामीणों और शुभचिंतकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए 11 हेलमेट वितरित किए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 15 पौधों का वितरण किया। कार्यक्रम में अंजोर सिंह साहू, गिरीश साहू, फुलेश्वर साहू, पुनारद साहू, देवकरण साहू, हीरालाल साहू, कुमार सिंह साहू, होरिलाल साहू, भेष आठे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिवारजन उपस्थित रहे।