
रायपुर। भारत सरकार के ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत संकल्प सांस्कृतिक समिति द्वारा रायपुर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति की डायरेक्टर मनीषा शर्मा के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया। समिति द्वारा संचालित IRCA, ODIC, SLCA एवं CBPLI परियोजनाओं के माध्यम से रायपुर के विभिन्न स्थानों पर सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
अभियान के तहत विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं से भारत सरकार द्वारा जारी नशामुक्ति संकल्प पत्र भी भरवाए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, स्वस्थ जीवनशैली और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में IRCA, ODIC, SLCA एवं CBPLI परियोजनाओं से जुड़े सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजकों ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।