रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरणदास महंत के ‘चमचे’ बयान ने पार्टी के भीतर हलचल मचा दी है। इस पर कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रिया दी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) चीफ दीपक बैज ने इसे “पार्टी का आंतरिक मामला” बताया, वहीं पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने शायराना अंदाज में जवाब देते हुए भाजपा पर पलटवार किया।
दीपक बैज का बयान
मीडिया से चर्चा के दौरान पीसीसी चीफ बैज ने कहा कि कांग्रेस की बैठकें संगठन सृजन और पार्टी को मजबूत करने के लिए होती हैं। बैठक में हुई बातें बाहर नहीं आनी चाहिए, उन्हें बंद कमरों तक ही सीमित रखना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में आगामी चुनाव लड़ेगी। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने तंज कसा—“BJP को अपने भवन का नाम नमक हराम भवन कर लेना चाहिए।”
अमरजीत भगत का शायराना अंदाज
महंत के बयान पर सीधी प्रतिक्रिया से बचते हुए अमरजीत भगत ने कहा—“शब्द संभाले बोलिए, शब्द के हाथ न पाओ, एक शब्द औषधि करे, एक करे घाव।”उन्होंने कहा कि शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए। साथ ही भाजपा पर आरोप लगाया कि वह कांग्रेस के भीतर मतभेद को हवा दे रही है। तंज कसते हुए भगत बोले— “भाजपा में जिसने ज्यादा चमचागिरी की, उसी को ऊँचा स्थान मिला है। बृजमोहन अग्रवाल सहित कई सीनियर नेताओं से कहूंगा कि अच्छी चमचागिरी करें, वरना शीर्ष नेता रिझेंगे नहीं।”
विवाद और बढ़ सकता है
महंत का बयान अब कांग्रेस और भाजपा के बीच नई सियासी जंग का केंद्र बन गया है। कांग्रेस जहां इसे आंतरिक मामला बताकर शांत करने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा इस विवाद को भुनाने में जुटी है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि कांग्रेस इस बयानबाजी को थाम पाती है या विवाद और तूल पकड़ता है।