
दुर्ग, 17 जून। जिला शिक्षा अधिकारी अरविन्द मिश्रा ने सरस्वती साइकिल वितरण, गणवेश वितरण एवं पाठ्यपुस्तक वितरण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों, बीआरसी, यूआरसी और प्रधान पाठकों को निर्देश जारी किए हैं। जारी पत्र में कहा गया है कि शासन के निर्देशानुसार योजनाओं के तहत सामग्री का वितरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाना अनिवार्य है, लेकिन कई संस्थानों में इन निर्देशों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि साइकिल, गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण प्रतिवर्ष निर्धारित जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति, गणमान्य नागरिकों तथा संबंधित पालकों की उपस्थिति में पात्र छात्र-छात्राओं को किया जाना चाहिए। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित संस्थानों द्वारा निर्देशों के पालन में लापरवाही बरती जा रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए सभी अधिकारियों एवं स्कूल प्रमुखों को पुनः निर्देशित किया गया है कि वे शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।जिला शिक्षा अधिकारी ने वितरण कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार जनसंपर्क विभाग के माध्यम से कराने, कार्यक्रम के दौरान फोटोग्राफ्स लेने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे।