
रिसाली/दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने बुधवार को रिसाली स्थित मैत्री कुंज आज़ाद मार्केट में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, वकीलों, शिक्षकों, किसानों, वरिष्ठ नागरिकों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, जनधन योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान विधायक ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी लिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव और जनता का विश्वास ही विकसित भारत की सच्ची नींव है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनके प्रभाव को जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। देश में आधारभूत संरचना, डिजिटल भुगतान व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार से आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
डबल इंजन सरकार पर जताया भरोसा
ललित चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना और तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में लिए गए निर्णयों का लाभ प्रदेश के लाखों लोगों को मिल रहा है।
‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान की शुरुआत
विधायक ने बताया कि 5 जून से 21 जून तक चल रहे “बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” महाअभियान के तहत अब ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। इसके माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और बस्ती-बस्ती जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे तथा लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। जनसंपर्क कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष एकनाथ अनुपम साहू, महामंत्री गुड्डू झा, नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, पार्षद माया यादव, रमा साहू, सविता धवस सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक ने आम नागरिकों और व्यापारियों की समस्याएं भी सुनीं तथा उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।