
भिलाई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मोल्दोवा की राजकीय यात्रा के दौरान सोमवार को दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस दौरान राष्ट्रपति ने मोल्दोवा की संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसू और मोल्दोवा-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से मुलाकात की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल भी शामिल हैं। बैठक में भारत और मोल्दोवा के बीच व्यापार, राजनयिक शिक्षा, निवेश और वैश्विक अवसंरचना सहयोग को बढ़ावा देने के लिए साझा रोडमैप पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देने पर भी सहमति बनी।
दुर्ग सांसद विजय बघेल ने बातचीत में कहा कि राष्ट्रपति के प्रतिनिधिमंडल में शामिल होना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह दौरा केवल कूटनीतिक संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ के लिए निवेश, व्यापार और विकास की नई संभावनाओं को भी तलाशने का अवसर मिलेगा। विजय बघेल ने बताया कि भारतीय प्रतिनिधिमंडल 19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, उत्तर मेसेडोनिया और रोमानिया के आधिकारिक दौरे पर है। इस दौरान विभिन्न देशों के जनप्रतिनिधियों, उद्योग जगत और नीति निर्माताओं के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें आर्थिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।
मोल्दोवा पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और भारतीय प्रतिनिधिमंडल का राष्ट्रपति भवन में मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया सैंडू ने औपचारिक स्वागत किया। यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा हुई। दौरे को भारत की “एक्ट ईस्ट” और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य विजय बघेल ने उम्मीद जताई कि इस विदेश यात्रा से न केवल भारत-मोल्दोवा संबंधों को मजबूती मिलेगी, बल्कि छत्तीसगढ़ के उद्योग, व्यापार और निवेश के लिए भी नए अवसर खुलेंगे।