
शराब के नशे में वारदात, सीसीटीवी और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से कुछ ही घंटों में पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी
दुर्ग, 21 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाली एक महिला की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है।पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान भगवंतीन साहू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी हर्ष यादव (19 वर्ष) और नितेश ठाकुर (20 वर्ष) घटना के समय शराब के नशे में थे। दोनों ने महिला को पैसों का लालच देकर ई-रिक्शा से पुलगांव नाला के पास स्थित एक सुनसान स्थान पर बुलाया।
जांच के मुताबिक, वहां आरोपियों ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला द्वारा विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर दोनों ने पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले गमछे से महिला का गला घोंटा, फिर पास में पड़े बड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए और पहचान छिपाने के लिए कथित तौर पर अपने कपड़े भी बदल लिए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने का दावा किया गया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर तथा खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।