दुर्ग। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को सेक्टर-06 भिलाई स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में एसएसपी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित कर नागरिकों को पहले से आवश्यक समझाइश दी जाए। जिन स्थानों पर पिछले वर्षों में होली के दौरान विवाद या अप्रिय घटनाएं हुई थीं, उन्हें चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील इलाकों, पॉश कॉलोनियों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और मुख्य सड़कों पर स्थायी पुलिस पिकेट लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस की पैदल एवं बाइक पेट्रोलिंग टीमों को लगातार गश्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हुड़दंगियों पर कड़ी नजर
पुलिस ने दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, स्टंटबाजी, सड़क पर हुड़दंग और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। त्योहार के दौरान युवाओं द्वारा की जाने वाली लापरवाही को ध्यान में रखते हुए विशेष निगरानी रखी जाएगी।
असामाजिक तत्वों पर निगरानी
बैठक में गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर सतत नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। आवश्यकता पड़ने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अशांति न फैले। अधिकारियों को छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करने को कहा गया।
लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर
इसके अतिरिक्त जिले में लंबित अपराध, चालान, मर्ग और शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि त्योहार से पहले अधिक से अधिक लंबित मामलों का निपटारा कर आम नागरिकों को राहत प्रदान करें और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईयूसीएडब्ल्यू ममता देवांगन सहित सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और संयम के साथ होली का पर्व मनाएं।