YC न्यूज़ डेस्क । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर एक नया वैश्विक कीर्तिमान स्थापित किया है। उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 100 मिलियन यानी 10 करोड़ फॉलोअर्स हो गए हैं। इस उपलब्धि के साथ वे इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स पाने वाले दुनिया के पहले लीडर और राजनेता बन गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार देर रात 100 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा पार किया। वे वर्ष 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़े थे और तब से उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती रही है। इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या अन्य वैश्विक नेताओं से कहीं अधिक है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 43.2 मिलियन फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जो पीएम मोदी के फॉलोअर्स की संख्या के मुकाबले आधे से भी कम है। इसके बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो 15 मिलियन फॉलोअर्स के साथ तीसरे स्थान पर हैं। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला 14.4 मिलियन फॉलोअर्स के साथ चौथे और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन 11.6 मिलियन फॉलोअर्स के साथ पांचवें स्थान पर हैं। दुनिया के शीर्ष पांच नेताओं के कुल फॉलोअर्स की संख्या भी पीएम मोदी के अकेले फॉलोअर्स से कम है।
2014 से 100 मिलियन तक का सफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 नवंबर 2014 को इंस्टाग्राम जॉइन किया था। उनकी पहली पोस्ट म्यांमार के नय पाई तॉ में आयोजित आसियान समिट से जुड़ी थी। अकाउंट बनाने के कुछ ही घंटों में उनके 50 हजार से अधिक फॉलोअर्स हो गए थे। 2017-18 के दौरान उन्होंने 10 मिलियन (1 करोड़) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार किया। 2019 में दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद उनके फॉलोअर्स में तेजी आई और 2020 तक यह संख्या 40 मिलियन पहुंच गई। कोविड-19 महामारी के दौरान साझा किए गए संदेशों और अभियानों ने उनकी डिजिटल पहुंच को और बढ़ाया। 2021-22 में उनके फॉलोअर्स 70 मिलियन तक पहुंचे। 2023 में यह संख्या 80 मिलियन हो गई, जिसमें जी-20 शिखर सम्मेलन, विदेश यात्राओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़ी पोस्ट को व्यापक सराहना मिली। जुलाई 2024 में उन्होंने 90 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा पार किया और 2025 में 95 मिलियन के साथ उनका अकाउंट ग्लोबल इन्फ्लुएंसर्स की सूची में शामिल हुआ।
अब 100 मिलियन फॉलोअर्स के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर अपनी वैश्विक लोकप्रियता का एक और रिकॉर्ड कायम किया है। उनकी पोस्ट पर लाखों-करोड़ों लाइक्स और प्रतिक्रियाएं मिलना अब आम बात हो गई है, जो उनके डिजिटल प्रभाव और जनसंपर्क क्षमता को दर्शाता है।