पाटन विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तरीघाट के छात्र मिथलेश कुमार निषाद (कक्षा 12वीं) और आदित्य निषाद (कक्षा 11वीं) ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों का चयन 25वीं राज्यस्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिसका आयोजन 21 से 24 सितंबर 2025 तक जगदलपुर में होगा। बालोद में आयोजित संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिता में मिथलेश ने गोला फेंक में प्रथम और तावा फेंक में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, आदित्य ने लंबी कूद में प्रथम, 200 मीटर दौड़ में द्वितीय और 100 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान हासिल किया।
छात्रों की इस सफलता का श्रेय विद्यालय के व्यायाम शिक्षक डॉ. नरेश कुमार साहू के मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम को दिया गया। उनके चयन पर विद्यालय परिवार, ग्राम पंचायत तरीघाट की सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू, उपसरपंच प्रकाश गोस्वामी, शाला विकास समिति के अध्यक्ष गजेन्द्र सिन्हा, प्राचार्य गजेन्द्र नाथ पांडेय, समस्त स्टाफ, ग्रामीणों व पालकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू ने कहा कि यह क्षेत्र के लिए गर्व की बात है और छात्रों का यह प्रदर्शन अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में प्रेरित करेगा।