सुशासन तिहार में कबीरधाम के लोखान गांव पहुंचे सीएम साय ! जमीन पर बैठकर चखा बोरे बासी का स्वाद, मजदूरों संग भोजन कर लिया जमीनी हकीकत का फीडबैक..

सुशासन तिहार में कबीरधाम के लोखान गांव पहुंचे सीएम साय ! जमीन पर बैठकर चखा बोरे बासी का स्वाद, मजदूरों संग भोजन कर लिया जमीनी हकीकत का फीडबैक..

रायपुर, 4 मई 2026। सुशासन तिहार के तहत कबीरधाम जिले के ग्राम लोखान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला, जहां उन्होंने औचक निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन पंचायत भवन में काम कर रहे श्रमिकों के बीच पहुंचकर न सिर्फ कार्यों की समीक्षा की, बल्कि उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन भी किया।
मुख्यमंत्री के अचानक पहुंचने से श्रमिकों में उत्साह का माहौल बन गया। इस दौरान महिला श्रमिकों ने उन्हें अपने साथ दोपहर का भोजन करने का आग्रह किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहजता से स्वीकार किया। श्रमिकों द्वारा लाए गए पारंपरिक व्यंजन—बोरे बासी, पान पुरवा रोटी, चना भाजी, चरोटा भाजी, मुनगा बड़ी और आमा चटनी—का स्वाद मुख्यमंत्री ने जमीन पर बैठकर लिया।

भोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रमिक महिलाओं से बातचीत करते हुए शासकीय योजनाओं की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया। उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली, जिस पर महिलाओं ने खुलकर अपने अनुभव साझा किए। इसी दौरान ग्रामीणों ने पहाड़ी क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। महिलाओं ने बताया कि बोरवेल और हैंडपंप लंबे समय तक कारगर नहीं रहते, जिससे गर्मियों में पानी की किल्लत बढ़ जाती है। मुख्यमंत्री ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

मौके पर कलेक्टर ने जानकारी दी कि 26 गांवों के लिए एक विशेष पेयजल योजना तैयार की गई है, जिसके तहत पाइपलाइन के माध्यम से दूरस्थ जल स्रोतों से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इस पर मुख्यमंत्री ने योजना को शीघ्र स्वीकृति देकर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ यही है कि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *