
पाटन। स्कूली शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव सोमवार को दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड अंतर्गत ग्राम तर्रीघाट स्थित शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे। उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया और स्कूल में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति तथा विद्यालय की आवश्यकताओं की जानकारी ली। शिक्षा मंत्री यादव ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचि, पसंदीदा विषय और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मजबूत एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देने के निर्देश
विद्यालय निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों से कहा कि बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, पाठ्यक्रम समय पर पूरा करने तथा प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति पर निरंतर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
विद्यार्थियों ने रखीं अपनी मांगें
विद्यालय में विद्यार्थियों ने शिक्षा मंत्री से खुलकर संवाद किया और स्कूल से जुड़ी अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से अवगत कराया। विद्यार्थियों की बातों को सुनते हुए मंत्री ने संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। शिक्षा मंत्री के विद्यालय पहुंचने से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में उत्साह का माहौल रहा। मंत्री ने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके लिए विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं के विकास के साथ शिक्षा के स्तर को लगातार बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।