
दुर्ग। महिला आईटीआई कॉलेज दुर्ग में 24 अगस्त 2026 को वित्तीय साक्षरता एवं साइबर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल बैंकिंग तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बजट निर्माण, बचत, निवेश, म्यूचुअल फंड, स्टॉक एवं शेयर मार्केट, एसआईपी, सावधि जमा खाता, केवाईसी, आवर्ती जमा खाता, क्रेडिट स्कोर और निवेश में विविधिकरण जैसे विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही यूपीआई के सुरक्षित उपयोग, जनसुरक्षा योजनाओं, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के बारे में भी बताया गया।
साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील
शिविर में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए डिजिटल सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, नौकरी के नाम पर ठगी, एपीके फाइल के माध्यम से होने वाले फ्रॉड, पार्सल डिलीवरी फ्रॉड, म्यूल फ्रॉड सहित विभिन्न प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी के तौर-तरीकों और उनसे बचाव के उपाय बताए गए। विशेष रूप से लोगों को सलाह दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम/डेबिट कार्ड संबंधी विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा अनजान लिंक और संदिग्ध एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें। साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
बैंकिंग सुविधाओं और ऋण योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में बैंकिंग लोकपाल शिकायत प्रणाली, सीएमएस पोर्टल, भारतीय रिजर्व बैंक की शिकायत प्रबंधन प्रणाली एवं 14448 के संबंध में जानकारी दी गई। इसके अलावा डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग, एटीएम के सही इस्तेमाल, एजुकेशन लोन तथा मुद्रा लोन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। शिविर में बैंक ऑफ बड़ौदा से गजेंद्र मुदलीयार, एफएलसी दुर्ग से लेखराम ध्रुव, सेबी रायपुर से रवि आर्य, महिला आईटीआई कॉलेज के प्राचार्य गोरख प्रसाद सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।