जामगांव (आर)। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव (आर) के वाणिज्य विभाग द्वारा स्किल ओरिएंटेड, उद्देश्यपरक शिक्षा और वैल्यू एडिशन के महत्व के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विभिन्न पहलुओं पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन में विभागाध्यक्ष डॉ. आबिद हसन खान ने किया।
कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन के रूप में कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई के वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. सैयद सलीम अकील ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य, वैल्यू एडिशन की अनिवार्यता तथा बेटियों के आत्मसम्मान में शिक्षा की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि “वाणिज्य का विद्यार्थी कभी बेरोजगार नहीं हो सकता, आवश्यकता सिर्फ विषय के तत्वों को समझकर नौकरी के पीछे भागने की बजाय स्वयं का व्यवसाय विकसित करने की है।”
डॉ. अकील ने केस स्टडी और अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को छोटे कौशल—मेहंदी कला, सिलाई आदि—को आजीविका के रूप में अपनाने की सलाह दी। साथ ही भविष्य में उनके बिजनेस प्लान को सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को उद्देश्यपरक शिक्षा के महत्व को समझाया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विजन को पूरा करने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. आबिद हसन खान ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रजनीश तिवारी, नीता कुम्हारे, चेतना सोनी सहित समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।