पाटन। पाटन विकासखंड के पीएम श्री विद्यालय अखरा में सोमवार को प्रवेश उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा विद्यालय प्रांगण में स्थापित माता सरस्वती की प्रतिमा की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को पुस्तकें और गणवेश वितरित कर उनका मुंह मीठा कराया गया और सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 04 नगर पंचायत पाटन की पार्षद एवं सभापति श्रीमती नेहा बाबा वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा से ही समाज की दिशा और दशा तय होती है। शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होती, यह वह शक्ति है जो मानव को अज्ञानता के अंधकार से ज्ञान के उजाले की ओर ले जाती है।”
कार्यक्रम में शिक्षाविद सीताराम देवांगन ने पालकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। संस्था प्रमुख गोपेन्द्र साहू ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला और पालकों से सहयोग की अपेक्षा जताई। वहीं भाजपा नेता बाबा वर्मा ने नवप्रवेशी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पीएम श्री विद्यालय जैसी सौगात देने के लिए धन्यवाद दिया।
मंचीय कार्यक्रम के उपरांत एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। पार्षद श्रीमती नेहा बाबा वर्मा और एसएमसी सदस्य श्री गंगा निषाद ने बच्चों को नेवता भोज भी कराया। इस अवसर पर श्री योगेश्वर वर्मा, सुशील कश्यप, चंद्रशेखर छेदय्या, गंगाराम निषाद, रामनाथ साहू, नेहा चक्रधारी, गावस्कर देवांगन, धर्मेंद्र देवांगन, मीना देवांगन, मुक्ता मिथलेश, रेखा ठाकुर, मधु ठाकुर समेत विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।