राशन कार्ड में नाम जुड़ने के बाद भी नहीं मिल रहा पूरा अनाज, पाटन ब्लॉक के गावों में हितग्राहियों की बढ़ी परेशानी; ई-केवाईसी और सत्यापन के फेर में अटका आवंटन

मनीष चंद्राकर/पाटन । राज्य शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत पात्र परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने की व्यवस्था इन दिनों पाटन विकासखंड में कई तरह की व्यावहारिक समस्याओं से घिरी नजर आ रही है। कहीं हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलने की शिकायत है तो कहीं राशन कार्ड में नए सदस्यों के नाम जुड़ने के बावजूद उनके हिस्से का खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। वहीं अनेक राशन दुकानों में नवंबर माह के राशन भंडारण में देरी की जानकारी भी सामने आ रही है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। दूसरी ओर जामगांव आर,बेल्हारी पंचायत सहित क्षेत्र के कई गावों के हितग्राहियों ने शिकायत की है कि परिवार के नए सदस्यों के नाम राशन कार्ड में जुड़वाने के बाद भी उन्हें अतिरिक्त राशन का लाभ नहीं मिल रहा है। कुछ हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न मिलने की शिकायत भी है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन वितरण में आ रही इन दिक्कतों के कारण गरीब परिवारों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है, लेकिन खाद्य विभाग की ओर से अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।

नाम जुड़ा, लेकिन राशन के आवंटन में नहीं मिला हिस्सा

सबसे अधिक परेशानी उन हितग्राहियों को हो रही है, जिन्होंने हाल ही में अपने राशन कार्ड में परिवार के नए सदस्यों के नाम जुड़वाए हैं। नाम जुड़ने के बावजूद नए सदस्यों के हिस्से का राशन नहीं मिलने से परिवारों को अपेक्षित मात्रा में खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। वहीं कई नए हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलने की शिकायतें भी सामने आई हैं। हितग्राहियों का कहना है कि जब वे राशन लेने उचित मूल्य दुकान पहुंचते हैं तो कई बार आवंटन नहीं होने का हवाला देकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता है। इसके चलते बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्या लेकर स्थानीय पंचायत और जनपद पंचायत पहुंच रहे हैं।

ई-पास मशीन के सिंक्रोनाइजेशन से आई थी तकनीकी दिक्कत

राशन दुकान संचालकों के मुताबिक माह की शुरुआत में ई-पास मशीन में डेटा सिंक्रोनाइजेशन की तकनीकी समस्या आई थी। इसके कारण हितग्राहियों का विवरण और राशन आवंटन प्रदर्शित होने में दिक्कत हुई। हालांकि विभाग द्वारा मशीनों को दोबारा सिंक्रोनाइज किए जाने के बाद अब अधिकांश हितग्राहियों का डेटा प्रदर्शित होने लगा है। इधर जानकारी यह भी सामने आ रही है कि जिन हितग्राहियों ने ई-केवाईसी नहीं कराया है अथवा जिनका ई-केवाईसी सत्यापित नहीं हुआ है, उनके राशन आवंटन पर असर पड़ा है। इसके अलावा पांच एकड़ से अधिक कृषि भूमि रखने वाले कुछ हितग्राहियों के आवंटन भी जांच के बाद निरस्त किए जाने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि ब्लॉक के पंचायतों को ऐसी सूची भी भेजी गई है, जिसमें ई-केवाईसी नहीं कराने वाले, बैंक खातों में अधिक लेनदेन करने वाले, पांच एकड़ से अधिक भूमि रखने वाले तथा लंबे समय से राशन नहीं लेने वाले हितग्राहियों के नाम शामिल हैं। इन मामलों को संदिग्ध मानते हुए पात्रता के सत्यापन की तैयारी की जा रही है। हालांकि इन श्रेणियों के आधार पर पात्रता तय करने के वास्तविक मानदंड और प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों में स्पष्टता की जरूरत महसूस की जा रही है।

सरपंच संघ अध्यक्ष रूपेंद्र बोले- प्रक्रिया का हो सरलीकरण

इस पूरे मामले में सरपंच संघ अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला ने कहा कि प्रशासन को राशन कार्ड से जुड़ी इन प्रक्रियाओं का सरलीकरण करना चाहिए। ई-केवाईसी के लिए हितग्राहियों को बार-बार उचित मूल्य दुकान और च्वाइस सेंटर के चक्कर लगाने पड़ते हैं। सर्वर की समस्या और फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं होने जैसी तकनीकी दिक्कतों के कारण ग्रामीणों को कई महीनों तक राशन से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शासन को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि बैंक खातों में कितनी जमा राशि या लेनदेन होने पर प्राथमिकता वाले राशन कार्ड की पात्रता प्रभावित होती है। पात्रता जांच के नाम पर वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए कि अपात्र लोगों की पहचान भी हो और पात्र हितग्राहियों को समय पर पूरा राशन भी मिलता रहे।

खाद्य विभाग का पक्ष- ई-केवाईसी सत्यापन के बाद अगले माह से मिलेगा राशन

मामले में खाद्य अध्यक्ष संदीप शर्मा ने बताया कि राशन कार्ड में नए सदस्यों, विशेषकर बच्चों के नाम जुड़ने के बाद उनके लिए आवंटन जारी किया गया था और उन्हें राशन भी मिल रहा था। लेकिन जिन नए अथवा पुराने सदस्यों ने अपना ई-केवाईसी नहीं कराया है या जिनका ई-केवाईसी सत्यापित नहीं हुआ है, उनका आवंटन फिलहाल रुक गया है। उन्होंने बताया कि ऐसे हितग्राहियों को अपना ई-केवाईसी पूरा कराना होगा। सत्यापन पूरा होने के बाद अगले माह से उसी राशन कार्ड में संबंधित सदस्य के हिस्से का राशन फिर से मिलना शुरू हो जाएगा। इसके अलावा राशन कार्ड में शामिल जिन सदस्यों की मृत्यु हो चुकी है अथवा जिनका विवाह होने के बाद दूसरे स्थान पर राशन कार्ड में नाम जुड़ गया है, ऐसे सदस्यों के नाम हटने के कारण भी संबंधित कार्ड का आवंटन कम हुआ है।नवंबर माह के राशन भंडारण को लेकर उन्होंने कहा कि अभी लगभग सभी स्थानों पर जल्द भंडारण सुनिश्चित करने की प्रक्रिया जारी है।

पात्रता का सत्यापन जरूरी,हितग्राहियों को परेशानी ना हो -एसडीएम नंदेहा

पाटन एसडीएम नीर निधि नंदेहा ने बताया उन्हें अब तक ऐसी कोई शिकायत नही मिली है मै इसके लिए विभाग से बात करता हुँ,उन्होंने यह भी कहा कि राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ई-केवाईसी, डेटा सत्यापन और अपात्र हितग्राहियों की पहचान जरूरी है। शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचे और अपात्र लोग इसका लाभ न उठा सकें।

अब देखना होगा कि खाद्य विभाग राशन भंडारण में आ रही देरी, नए सदस्यों के आवंटन और ई-केवाईसी से जुड़ी समस्याओं का कितनी जल्दी निराकरण करता है। हितग्राहियों की मांग है कि पात्र परिवारों को बिना अनावश्यक चक्कर लगवाए निर्धारित मात्रा में समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *