धान खरीदी की शुरू होते ही सुरपा सोसायटी के प्राधिकृत अध्यक्ष नारद साहू का इस्तीफा,राजनितिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म

जामगांव आर। सेवा सहकारी समिति सुरपा के प्राधिकृत अध्यक्ष नारद साहू ने बुधवार को उप पंजीयक, सहकारी संस्थाएं दुर्ग से मुलाकात कर अपने पद से इस्तीफा सौंप दिया। उनके अचानक इस्तीफे ने स्थानीय राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।

नारद साहू क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेताओं में गिने जाते हैं। वे जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना साहू के पति होने के साथ ही पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। ऐसे में सहकारी समिति के महत्वपूर्ण पद से उनका इस्तीफा राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय बन गया है।

हालांकि, अपने त्यागपत्र में नारद साहू ने निजी एवं पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है, लेकिन इस्तीफे का समय कई सवाल खड़े कर रहा है। खास बात यह है कि प्रदेश में धान खरीदी अभियान शुरू होने के ठीक पहले उन्होंने यह निर्णय लिया है। धान खरीदी के दौरान सहकारी समितियों की भूमिका और किसानों से जुड़े कार्यों को देखते हुए इस घटनाक्रम को अहम माना जा रहा है।

अब राजनीतिक हलकों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह महज पारिवारिक परिस्थितियों के चलते लिया गया निर्णय है या इसके पीछे कोई अन्य संगठनात्मक अथवा राजनीतिक वजह भी है? फिलहाल नारद साहू के इस्तीफे को लेकर भाजपा संगठन और क्षेत्रीय राजनीति में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। हालांकि, इस्तीफे के वास्तविक कारणों को लेकर कोई आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *