मनीष चंद्राकर /जामगांव आर । डिजिटल इंडिया के दौर में जहां शासन और प्रशासन प्रत्येक सेवा को ऑनलाइन माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दे रहे हैं, वहीं दक्षिण पाटन क्षेत्र के अनेक गांवों में मोबाइल नेटवर्क की बदहाल स्थिति डिजिटल व्यवस्था के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। जिओ कंपनी की कमजोर नेटवर्क सेवा और समस्या के समाधान को लेकर जिम्मेदारों की उदासीनता से किसान, विद्यार्थी, व्यापारी और आम नागरिक सभी परेशान हैं। सबसे गंभीर स्थिति धान खरीदी के लिए ऑनलाइन टोकन कटाने वाले किसानों की है, जिन्हें नेटवर्क के अभाव में बार-बार निराश होना पड़ रहा है। दुर्ग जिले के दक्षिण पाटन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बेल्हारी,आगेसरा, खेरथा, उमरपोटी, गातापार, बेल्हारी सहित आसपास के अनेक गांवों में जिओ मोबाइल नेटवर्क की समस्या लगातार बनी हुई है। कहीं मोबाइल सिग्नल कमजोर है तो कहीं इंटरनेट की गति इतनी धीमी है कि सामान्य डाटा डाउनलोड करना और ऑनलाइन काम पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। कॉलिंग और इंटरनेट दोनों सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को रोजमर्रा के कामों में परेशानी उठानी पड़ रही है।
धानटोकन के लिए परेशान किसान, समय पर प्रक्रिया पूरी करना चुनौती
वर्तमान में धान खरीदी के लिए टोकन कटाने की प्रक्रिया जारी है। किसान ऑनलाइन माध्यम से टोकन कटाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन इंटरनेट बाधित होने, वेबसाइट नहीं खुलने और आवश्यक डाटा डाउनलोड नहीं होने के कारण उन्हें बार-बार असफलता का सामना करना पड़ रहा है। खेती-किसानी के व्यस्त समय में किसानों को ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय और प्रयास करना पड़ रहा है। ऐसे में नेटवर्क की समस्या सीधे किसानों के धान विक्रय की तैयारियों को प्रभावित कर रही है।
ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं व्यापारियों के डिजिटल लेन-देन पर भी असर-
नेटवर्क की बदहाली का असर विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है। ऑनलाइन कक्षाओं, शैक्षणिक सामग्री डाउनलोड करने, वीडियो लेक्चर देखने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए इंटरनेट पर निर्भर छात्रों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार जरूरी अध्ययन सामग्री डाउनलोड नहीं हो पाती तो ऑनलाइन क्लास के दौरान कनेक्शन टूट जाता है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बेहतर इंटरनेट सुविधा शिक्षा की आवश्यकता है, लेकिन नेटवर्क की समस्या उनकी पढ़ाई में बाधा बन रही है।आज छोटे-बड़े व्यापारी भी यूपीआई, फोन-पे, गूगल-पे और अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान स्वीकार करते हैं। लेकिन इंटरनेट की खराब गति के कारण ऑनलाइन ट्रांजेक्शन अटकने, भुगतान की पुष्टि में देरी और ग्राहकों को इंतजार कराने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। दुकानदारों के साथ-साथ ग्राहकों को भी परेशानी होती है। इसके अलावा मोबाइल से बिल भुगतान, बैंकिंग, सरकारी पोर्टल का उपयोग, जरूरी दस्तावेज डाउनलोड करने और अन्य दैनिक ऑनलाइन गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
कंपनी की जवाबदेही कहां, प्रशासन की निगरानी क्यों नहीं?
ग्रामीणों का सवाल है कि मोबाइल सेवा के लिए नियमित रिचार्ज कराने के बावजूद उन्हें गुणवत्तापूर्ण नेटवर्क क्यों नहीं मिल रहा है? जिओ कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या का स्थायी समाधान कब करेंगे? वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी निभाने वाले संबंधित विभाग एवं प्रशासन की ओर से अब तक प्रभावी पहल क्यों नहीं की गई?
ग्रामीणों ने जिओ कंपनी के उच्च अधिकारियों, दूरसंचार विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि दक्षिण पाटन क्षेत्र में नेटवर्क की स्थिति का तत्काल तकनीकी परीक्षण कराया जाए। मोबाइल टावरों की क्षमता और नेटवर्क गुणवत्ता में सुधार कर निर्बाध इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही किसानों की धान टोकन संबंधी परेशानी को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान किया जाए। ग्राम पंचायत आगेसरा के सरपंच रमाकांत साहू ने कहा है कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो इस मुद्दे को पहले तो संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाकर जवाबदेही तय करने की मांग की जाएगी उससे भी बात नही बनी तो न्यायपालिका का दरवाजा खटखटाएंगे
एसडीएम पाटन बोले -कलेक्टर साहब के संज्ञान में लाएंगे
एसडीएम पाटन नीर निधि संदेहा ने कहा कि दक्षिण पाटन क्षेत्र में जिओ नेटवर्क की समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा। इस मुद्दे को जिलाधीश महोदय के संज्ञान में लाकर नेटवर्क समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल और प्रयास किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों एवं व्यापारियों को हो रही परेशानी दूर हो सके।
सवाल यह है कि जब गांवों में नेटवर्क ही नहीं मिलेगा, तो किसान धान का टोकन कैसे कटाएंगे, विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई कैसे करेंगे और व्यापारी डिजिटल कारोबार कैसे चलाएंगे? डिजिटल सुविधाओं पर निर्भर होते ग्रामीण जीवन के बीच जिओ कंपनी की जवाबदेही और प्रशासन की निगरानी सुनिश्चित करना अब जरूरी हो गया है।