“कांवड़ यात्रा में शिवभक्ति और सेवा की मिसाल — कुम्हली के श्रद्धालुओं ने कैलाश गुफा से लाकर किया कुम्हलेश्वर महादेव का जलाभिषेक”

जामगांव आर। श्रावण मास की पावनता और शिवभक्ति की परंपरा को सजीव रखते हुए बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति, कुम्हलेश्वर महादेव कुम्हली के श्रद्धालुओं ने इस वर्ष भी अपनी कांवड़ यात्रा का सफल आयोजन किया। समिति के श्रद्धालु विगत 18 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से जल लाकर स्वयंभू कुम्हलेश्वर महादेव में जलाभिषेक करते आ रहे हैं। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सेवा भावना का भी उदाहरण बन चुकी है।

इस वर्ष समिति द्वारा कैलाश गुफा, जशपुर (छत्तीसगढ़) से पवित्र जल लाया गया। समिति अध्यक्ष मोगन सपहा के नेतृत्व में फनीश सपहा, गुमान साहू, दीपक साहू, सहदेव यादव, गोकुल गहरे, सुखित देशलहरे, संदीप साहू, दुर्गेश यादव, तोपेश्वर साहू, विकास साहू एवं प्रदीप यादव ने पैदल यात्रा करते हुए कांवड़ में जल लाकर भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग स्वरूप में अभिषेक किया।

पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने “बोल बम” के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा के दौरान सेवा, समर्पण और अनुशासन की मिसाल देखने को मिली। इस आयोजन से गांव और क्षेत्र में धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता को मजबूती मिली है। समिति की यह पहल सावन की श्रद्धा और परंपरा को सहेजने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को आस्था और मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *