रायपुर। द्वितीय छत्तीसगढ़ योगासन प्रतियोगिता का आयोजन यूथ एसोसिएशन के तत्वावधान में देवेंद्र नगर स्थित बाला जी स्कूल, रायपुर में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए लगभग 300 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में अपने योग कौशल का प्रदर्शन किया।।इस प्रतियोगिता में पाटन विकासखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। पाटन से 15 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें कई बच्चों ने स्वर्ण और रजत पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
सब-जूनियर बालिका आर्टिस्टिक सिंगल वर्ग में अंतरा साहू ने स्वर्ण पदक, सीनियर बालिका ट्रेडिशनल योगासन में भूमिका साहू ने स्वर्ण पदक तथा जूनियर बालिका रिदमिक पेयर में मोक्षिता साहू और मानवी धीवर की जोड़ी ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं, बालक वर्ग में प्रथमेश वर्मा ने जूनियर ट्रेडिशनल योगासन में रजत पदक तथा केशव सिंह ने जूनियर-ए ट्रेडिशनल वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा और विशिष्ट अतिथि ज्योति साहू (योग प्रशिक्षक) रहे। आयोजन समिति ने बताया कि इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। श्री सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि “योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। इसे खेल के रूप में बढ़ावा देना युवाओं के स्वास्थ्य और अनुशासन के लिए महत्वपूर्ण है।” कार्यक्रम का संचालन ज्योति कुंभारे, भीष्म कुमार साहू और चितरंजन साहू ने किया।
खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय कोच धीरेन्द्र वर्मा को दिया। बच्चों की इस उपलब्धि पर डॉ. दिनेश चंद्रवंशी (जिला आयुष अधिकारी दुर्ग), डॉ. अनीता साहू, खिलेंद्र कुमार साहू (रा.का. सदस्य छत्तीसगढ़ योग एसोसियेशन), लाला राम वर्मा समेत अनेक गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया।