पाटन के घोरारी में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई : 200 लीटर अवैध शराब और 4,000 किलो महुआ लाहन जब्त, 15 भट्टियां नष्ट…

दुर्ग । दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक के ग्राम घोरारी में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्यवाही की है ,दुर्ग कलेक्टर के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त आबकारी जी.के. भगत और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी सी.आर. साहू के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग, जिला दुर्ग द्वारा बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। वृत दुर्ग आंतरिक दक्षिण के अंतर्गत ग्राम घोरारी में अवैध शराब के निर्माण, विक्रय और भंडारण की सूचना पर त्वरित एवं सटीक कार्रवाई करते हुए विभागीय टीम ने मौके से 200 लीटर महुआ शराब तथा 4,000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया, जिसका बाजार मूल्य लगभग 2,30,000 रुपये आंका गया है।

मौके पर पहुंची टीम को देखकर खेत के रास्ते से अज्ञात आरोपी फरार हो गए। तलाशी के दौरान 15 अवैध शराब भट्टियां भी बरामद हुईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। सहायक आयुक्त आबकारी के अनुसार, इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा आबकारी उप निरीक्षक अरविन्द साहू द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है।

इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी निर्मला ठाकुर, आबकारी उप निरीक्षक प्रियंक ठाकुर, हरीश पटेल, भोजराम रत्नाकर, गीतांजलि ताराम, मुख्य आरक्षक संतोष दुबे, प्रह्लाद राजपूत, आरक्षक देव प्रसाद पटेल, अशोक वर्मा, संदीप तिर्की और ड्राइवर राजू धनराज, दुर्गेश की अहम भूमिका रही। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के विरुद्ध सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *