जशपुर । जिले में पुलिस ने गौवंश तस्करी और गौहत्या के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पहला मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत दोकड़ा चौकी का है, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक सफेद टाटा सूमो (क्रमांक JH08A8766) से 4 गौवंशों को मुक्त कराया। आरोपी वाहन को देखकर फरार हो गए, परंतु पुलिस ने वाहन का पीछा कर ग्राम डुगडुगिया के पास उसे बरामद कर लिया। गाड़ी के पिछले हिस्से में सवारी सीट हटाकर गौवंशों को ठूंस-ठूंस कर रखा गया था। सभी पशुओं को सकुशल बचा लिया गया एवं वाहन जब्त कर लिया गया। इस मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच जारी है।
दूसरा मामला थाना नारायणपुर क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी राजेश्वर राम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी गाय की हत्या कर मांस ले जाया गया। पुलिस ने जांच कर तीन आरोपियों—अरविंद लकड़ा, अंकित पन्ना व अरविंद एक्का—को गिरफ्तार कर लिया है। चौथा आरोपी राकेश उर्फ दिल्ली फरार है। आरोपियों से मांस काटने में प्रयुक्त औजार भी जब्त किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। अब तस्कर ट्रक व पिकअप के बजाय सूमो व स्कॉर्पियो गाड़ियों का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की सक्रियता से वे गिरफ्त में आ रहे हैं।