दुर्ग। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा धान खरीदी की अवधि को मात्र दो दिवस 05 एवं 06 फरवरी तक बढ़ाए जाने को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) ने किसानों के साथ छल करार दिया है। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बयान जारी कर कहा कि यह निर्णय किसी संवेदनशील सरकार की पहल नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेशभर में किए गए चक्काजाम, आंदोलन तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा लिखे गए पत्र के दबाव का प्रत्यक्ष परिणाम है। श्री ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को गुमराह करने का कार्य कर रही है। सरकार ने जो दो दिन की अवधि बढ़ाई है, वह केवल पूर्व में कटे टोकन तक सीमित है। ऐसे किसान जिनका टोकन 30 जनवरी तक कटा था, लेकिन देर रात होने के कारण धान खरीदी नहीं हो पाई थी, केवल उन्हीं का धान लिया जाएगा। जबकि हजारों किसान ऐसे हैं, जिनका टोकन ही नहीं कट पाया और वे आज भी अपनी उपज बेचने से वंचित हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि टोकन से वंचित किसानों का धान खरीदने से भाजपा सरकार अभी भी इनकार कर रही है, जो उसकी किसान-विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। यदि सरकार में थोड़ी भी ईमानदारी होती तो टोकन की शर्त समाप्त कर सभी किसानों का धान खरीदा जाता। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि दो दिन की औपचारिक बढ़ोतरी कर भाजपा सरकार केवल शिगूफा छोड़ रही है, जबकि किसान आज भी मंडियों और कोचियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। टोकन से वंचित किसानों को जानबूझकर धान बेचने से रोका जा रहा है, जो सरासर अन्याय है।उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे सभी किसानों का धान तत्काल खरीदे जाने का निर्णय लिया जाए, अन्यथा कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और अधिक उग्र रूप देगी।