पाटन। विकासखंड पाटन में दलहन एवं तिलहन की खरीदी को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पाटन सोसायटी को उपार्जन केंद्र बनाया गया है, जहां 1 अप्रैल से खरीदी शुरू होनी थी, लेकिन 21 अप्रैल तक बीते 20 दिनों में नियमित खरीदी नहीं हो पाई। इससे पंजीकृत किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि समय पर उपज की खरीदी नहीं होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और फसल के भंडारण में भी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने मांग की है कि उपार्जन केंद्र में नियमित रूप से खरीदी सुनिश्चित की जाए, अन्यथा किसान और कांग्रेस पार्टी संयुक्त रूप से धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
वहीं, खरीफ सीजन की तैयारी को लेकर भी किसान चिंतित हैं। हर वर्ष किसानों को खाद और बीज अग्रिम रूप से उपलब्ध कराया जाता था, लेकिन इस बार व्यवस्था में देरी हो रही है। इससे खरीफ फसल की तैयारी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में किसानों एवं कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी लवकेश ध्रुव को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समस्या के निराकरण की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान अशोक साहू (पूर्व उपाध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि, जिला पंचायत दुर्ग), देवेंद्र चंद्रवंशी (जिला पंचायत सदस्य), दिनेश साहू (जनपद सदस्य), देवकुमार निषाद (उपाध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी), महेंद्र वर्मा (उपाध्यक्ष, जिला कांग्रेस), गोपाल देवांगन (मंडल अध्यक्ष) सहित बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।