झूठी सरकारी नौकरी दिखाकर रचाई शादी : सच्चाई खुलते ही दहेज प्रताड़ना और धोखाधड़ी का केस दर्ज

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शादी से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक द्वारा खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर शादी करना अब भारी पड़ गया। सच्चाई उजागर होने के बाद पीड़िता ने दहेज प्रताड़ना और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, गौरेला थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी मई 2025 में रायपुर जिले के सिलतरा निवासी युवक से हुई थी। शादी से पहले युवक और उसके परिवार ने उसे सरकारी नौकरी में होने का दावा किया था, जिसके आधार पर विवाह तय हुआ। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही यह खुलासा हुआ कि युवक की कोई सरकारी नौकरी नहीं है और यह पूरी जानकारी झूठी थी।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस बारे में सवाल उठाया, तो ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। लगातार बढ़ते उत्पीड़न के बाद पीड़िता अपने मायके पहुंची और परिजनों के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में पहले दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई, लेकिन समाधान नहीं निकलने पर पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *