होली से पहले आज किसानों की दिवाली : 24.28 लाख किसानों को 10,324 करोड़ धान के अंतर की राशि मिलेगी,बिलासपुर में सीएम साय करेंगे 263 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए इस बार होली से पहले ही दिवाली जैसी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बिलासपुर में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होकर कृषक उन्नति योजना के तहत 24.28 लाख किसानों के खातों में 10,324.84 करोड़ रुपए की आदान सहायता राशि जारी करेंगे। होली से ठीक पहले किसानों के खातों में राशि पहुंचने से प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। सम्मेलन बिल्हा ब्लॉक के ग्राम रहंगी स्थित खेल मैदान में आयोजित किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री 263 करोड़ 16 लाख 81 हजार रुपए की लागत के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इनमें 7 कार्यों का लोकार्पण और 82 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को कुल 494.38 करोड़ रुपए की राशि मिलेगी।

कलेक्टर-विधायक ने देर रात लिया जायजा

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विधायक धरमलाल कौशिक के साथ शुक्रवार रात कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच और बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, पार्किंग, किसानों के पंजीयन काउंटर और मीडिया व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित किया जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम भी मौजूद रही। विधायक कौशिक ने भी तैयारियों पर संतोष जताया।

पंचायतों को भीड़ जुटाने का लक्ष्य

जिला प्रशासन ने सम्मेलन में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। पंचायतों को किसानों और महिलाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया है। प्रशासन की ओर से वाहनों की व्यवस्था भी की गई है।

इन विकास कार्यों की मिलेगी सौगात

जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा, उनमें उच्चस्तरीय पुल निर्माण, प्रमुख मार्गों का सुदृढ़ीकरण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कों का निर्माण, तखतपुर में नवीन मातृ-शिशु अस्पताल, बिलासपुर में फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, छात्रावास निर्माण और सिंचाई नहरों का जीर्णोद्धार शामिल हैं। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से आवागमन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। वहीं, किसान सहायता राशि से कृषि निवेश बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

ये रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम मौजूद रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडेय और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के अध्यक्ष रजनीश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *