जामगांव आर। पाटन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अकतई में रविवार दोपहर को एक किसान के पैरावट अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग किसान गंगाधर साहू के ब्यारा में रखे पैरावट (चारा) में लगी, जिसने देखते ही देखते आसपास रखे अन्य किसानों के पैरावट को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद ग्रामीणों और किसानों ने तत्काल एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। वहीं अग्निशमन वाहन को सूचना दी गई, लेकिन जानकारी मिली कि पाटन में मौजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी खराब है। इसके बाद दुर्ग से अग्निशमन वाहन रवाना किया गया, लेकिन उसके पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी और आग ने बड़ा नुकसान कर दिया।
बताया गया कि इस हादसे में किसान गंगाधर साहू को भारी क्षति हुई है। उनके पास बड़ी संख्या में पशु हैं, जिनके लिए रखा गया चारा जलकर खाक हो गया, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। उन्होने शासन मुआवजा की मांग की हैं।
ग्राम सरपंच माधुरी निषाद ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि पाटन क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की उपलब्धता नहीं होना गंभीर समस्या है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द पाटन में अग्निशमन वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से समय रहते निपटा जा सके।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय पर फायर ब्रिगेड पहुंचती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।