जामगांव आर। ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने और खेल संस्कृति को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रथम ग्रासरूट स्पोर्ट प्रोग्राम के अंतर्गत संकुल स्तरीय फाइनल कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन गुरुवार को एच.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल बेल्हारी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू, प्रभारी प्राचार्य वाय.के. साहू, सरपंच अमित अग्रवाल, भाजपा बूथ अध्यक्ष रामसिंह बंसोड एवं खुमेंद्र साहू की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
टूर्नामेंट में बालक वर्ग में हनुमंता पब्लिक स्कूल रानीतराई, परमानंद मेमोरियल औसर, आदर्श स्कूल गाड़ाडीह, शासकीय माध्यमिक शाला सोनपुर तथा बालिका वर्ग में एच.के. मेमोरियल स्कूल बेल्हारी, शासकीय मिडिल स्कूल बोरीद, विजन पब्लिक स्कूल जामगांव आर एवं सशिम तरीघाट की टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद बालक वर्ग में शासकीय माध्यमिक शाला सोनपुर और बालिका वर्ग में शासकीय मिडिल स्कूल बोरीद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू ने कहा कि “ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो केवल उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की। ग्रासरूट स्तर पर ऐसे आयोजन बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। खेलों से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है। सरकार और सामाजिक संस्थाएं मिलकर ग्रामीण खिलाड़ियों को आगे लाने का कार्य कर रही हैं।” गौरतलब है कि यह आयोजन प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन एवं दानी स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से ग्रामीण बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और वे भविष्य में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।