भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर के बलिदान को किया नमन, जनजातीय कला-संस्कृति के संरक्षण और पर्यटन विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया
रायपुर, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक अस्मिता के सम्मान का महापर्व है। जनजातीय समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ अपनी विशिष्ट संस्कृति, रीति-रिवाजों और जीवन मूल्यों को सहेजकर रखा है। यह विरासत प्रदेश की पहचान और सामाजिक चेतना का महत्वपूर्ण आधार है।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि प्रतिवर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाने वाला जनजातीय गौरव दिवस हमें जनजातीय वीरों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज में स्वाभिमान और अधिकारों की चेतना जगाई। वहीं छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह और भूमकाल विद्रोह के महानायक वीर गुंडाधुर ने भी मातृभूमि, समाज और स्वाभिमान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि बस्तर, सरगुजा, जशपुर और प्रदेश के अन्य जनजातीय अंचल अपनी विशिष्ट लोककलाओं, पारंपरिक नृत्य, संगीत, पर्व-त्योहार, वेशभूषा और हस्तशिल्प के लिए प्रसिद्ध हैं। बस्तर दशहरा, गोंचा पर्व और मड़ई मेले जनजातीय आस्था, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकता के अद्भुत उदाहरण हैं। गौर नृत्य, करमा, सैला और सुआ जैसे लोकनृत्य हमारी सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध करते हैं। बस्तर की ढोकरा कला, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प और बांस शिल्प जनजातीय कलाकारों की अद्भुत रचनात्मकता को प्रदर्शित करते हैं।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और जनजातीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय कलाकारों और शिल्पकारों को प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिलें तथा उनकी पारंपरिक कलाओं को सम्मानजनक आजीविका से जोड़ा जाए।
उन्होंने पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी, दंतेवाड़ा, मैनपाट और जशपुर जैसे पर्यटन स्थल छत्तीसगढ़ को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। जनजातीय अंचलों में समुदाय आधारित पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, स्थानीय व्यंजन, हस्तशिल्प और होम स्टे जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। पर्यटन विकास में स्थानीय समुदायों की भागीदारी के साथ उनकी परंपराओं, आस्था और पर्यावरण का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनजातीय गौरव दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व दिए जाने से जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को व्यापक पहचान मिली है। आज आवश्यकता है कि जनजातीय इतिहास, लोकगाथाओं, लोकभाषाओं और पारंपरिक ज्ञान का दस्तावेजीकरण कर नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली अतीत से परिचित कराया जाए।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज की प्रकृति के साथ संतुलित जीवनशैली, सामूहिकता और जल, जंगल, जमीन के संरक्षण की परंपरा आज के समय में पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, सम्मान और सक्रिय सहभागिता के बिना समावेशी विकास की कल्पना अधूरी है।
अंत में उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर सहित जनजातीय समाज के सभी ज्ञात-अज्ञात महानायकों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत को संरक्षित और समृद्ध बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।