जामगांव आर डीसी अंतर्गत सुरपा में लो-वोल्टेज का संकट, 72 घंटे बाद भी नहीं जागा बिजली विभाग! ग्रामीण परेशान, शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं

जामगांव आर डीसी अंतर्गत सुरपा में लो-वोल्टेज का संकट, 72 घंटे बाद भी नहीं जागा बिजली विभाग! ग्रामीण परेशान, शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं

घरों में बल्ब तक ठीक से नहीं जल रहे, मोटर पंप और घरेलू उपकरण प्रभावित; ट्री-कटिंग के नाम पर घंटों बिजली बंद रखने के बावजूद समस्या जस की तस

जामगांव आर। पाटन ब्लॉक ग्राम पंचायत सुरपा के वार्ड क्रमांक-1 में पिछले कई दिनों से लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। कम वोल्टेज के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि घरों में बल्ब तक ठीक से नहीं जल रहे हैं, मोटर पंप संचालित नहीं हो पा रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई सहित रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, इस समस्या को लेकर जामगांव आर स्थित बिजली विभाग कार्यालय में कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। बावजूद इसके शिकायत के लगभग 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत करने पर विभागीय कर्मचारियों से केवल आश्वासन मिलता है, लेकिन मौके पर सुधार कार्य नजर नहीं आता।

घरेलू उपकरणों और किसानों के पंप पर भी असर

लो-वोल्टेज के कारण फ्रिज, कूलर सहित अन्य बिजली उपकरणों का संचालन प्रभावित हो रहा है। वहीं किसानों को अपने बोरवेल पंप चलाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि लगातार कम वोल्टेज रहने से बिजली उपकरणों और मोटर पंपों को नुकसान पहुंच सकता है।

ट्री-कटिंग के नाम पर घंटों बिजली बंद, फिर भी समस्या बरकरार

ग्रामीणों में नाराजगी उस समय और बढ़ गई, जब पेड़ों की छंटाई (ट्री-कटिंग) के नाम पर पिछले दिन सुबह से घंटों बिजली आपूर्ति बंद रखी गई। ग्रामीणों का सवाल है कि जब विभाग द्वारा लाइन बंद कर रखरखाव का कार्य किया जा रहा था, तो उसी दौरान लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान क्यों नहीं किया गया?

इस संबंध में बिजली विभाग की जेई रिचा साहू से जानकारी लेने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। अब ग्रामीणों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ड क्रमांक-1 में लो-वोल्टेज की समस्या का शीघ्र निरीक्षण कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए बार-बार शिकायत करने के बावजूद राहत नहीं मिलना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *