रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इस बार राज्योत्सव के मौके पर एक ऐतिहासिक और रोमांचकारी नजारा देखने को मिलेगा। भारतीय वायुसेना की मशहूर ‘सूर्य किरण’ ऐरोबेटिक टीम राजधानी के आसमान में फाइटर जेट्स से करतब दिखाएगी। आसमान में गूंजते जेट्स और हवा में बनते रोमांचक फॉर्मेशन रायपुरवासियों के लिए पहली बार देखने का अनोखा अवसर होगा।
इस विशेष आयोजन की पुष्टि रक्षा मंत्रालय द्वारा की गई है। मंत्रालय की ओर से रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल को एक आधिकारिक पत्र भेजा गया है, जिसमें लिखा गया है कि उनके आग्रह पर वायुसेना की ‘सूर्य किरण’ टीम को राज्योत्सव के दौरान रायपुर में प्रदर्शन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
सुरक्षा मानकों के साथ होगा आयोजन–
कार्यक्रम की तारीख और स्थान का चयन वायुसेना की टीम द्वारा किया जाएगा। आयोजन से पहले सुरक्षा मापदंडों और अभ्यास प्रक्रियाओं की गहन जांच की जाएगी। वायुसेना की टीम पूरे कार्यक्रम को तय सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित करेगी।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल का बयान–
इस पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने खुशी जताते हुए कहा, “राज्य का स्थापना दिवस गर्व और आत्मसम्मान का प्रतीक है। इस दिन राजधानी में भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण टीम का प्रदर्शन प्रदेशवासियों के लिए एक अविस्मरणीय क्षण होगा। यह आयोजन युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय चेतना, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को मजबूत करेगा। मैं इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी का हृदय से आभार प्रकट करता हूं।”
राजधानी में पहली बार हो रहे इस ऐरोबेटिक शो को लेकर नागरिकों में खासा उत्साह है। यह कार्यक्रम न केवल प्रदेश के गौरव को बढ़ाएगा, बल्कि युवाओं को भारतीय वायुसेना और देशसेवा के प्रति प्रेरित भी करेगा।