दुर्ग। वित्त मंत्रालय भारत सरकार एवं वित्तीय समावेशन विभाग के निर्देशानुसार जिला दुर्ग के सभी ग्राम पंचायतों में 1 जुलाई से 30 सितम्बर 2025 तक वित्तीय समावेशन योजनाओं के अंतर्गत जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को पाटन ब्लॉक ग्राम पंचायत बेल्हारी में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना, वित्तीय जागरूकता बढ़ाना तथा बैंकिंग सेवाओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना है। इस आयोजन ने न केवल ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी बल्कि बैंकों एवं आम जनता के बीच संपर्क का सेतु भी बनाया।
इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक रायपुर के महाप्रबंधक मनीष परासर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर शिविर की गतिविधियों की समीक्षा की तथा उपस्थित अधिकारियों एवं ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने वित्तीय साक्षरता, डिजिटल बैंकिंग एवं सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। श्री परासर ने खाताधारकों को अपने निष्क्रिय खातों को पुनः चालू करने तथा डिजिटल माध्यम से बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में अग्रणी बैंक प्रबंधक संजय गर्ग, छ.ग. राज्य ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय प्रबंधक विपिन सिंह चंदेल भी उपस्थित रहे,उन्होंने वित्तीय समावेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को जागरूक किया। इसी दौरान जामगांव आर थाने से पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भी उपस्थित ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस दौरान एसबीआई पाटन शाखा प्रबंधक राखी राम, सरपंच अमित अग्रवाल,उपसरपंच मनीष चंद्राकर,संदीप शर्मा,नोहर साहू,तनुजा प्रजापति, सीमा धनकर सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।