नंदनी, दुर्ग। धर्मनिष्ठ अभिव्यक्ति को लेकर एक नर्सरी की मासूम छात्रा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मदर टेरेसा स्कूल बागडूमर, नंदनी में नर्सरी की छात्रा द्वारा प्रार्थना के समय ‘राधे-राधे’ कहने पर स्कूल की प्रिंसिपल ईला इवन कैलविन द्वारा बच्ची के मुंह पर टेप लगाकर प्रताड़ित और पीटा गया, ऐसा आरोप परिजनों और सामाजिक संगठनों ने लगाया है। पीड़ित छात्रा द्वारा घटना की जानकारी परिजनों को दिए जाने के बाद, उन्होंने बजरंग दल को सूचित किया। तत्पश्चात विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के प्रतिनिधियों ने नंदनी थाने पहुंचकर स्कूल प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई और कठोर कार्यवाही की मांग की।
संगठनों की कड़ी प्रतिक्रिया
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने घटना को हिन्दू भावनाओं का अपमान बताते हुए छत्तीसगढ़ सरकार एवं शिक्षा विभाग से मांग की कि सभी निजी स्कूलों की धार्मिक गतिविधियों और व्यवहार की जांच कर ऐसे कृत्य करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए।
घटना के विरोध में दामिनी साहू जिला संयोजिका, राष्ट्रीय स्वयं सेविका संघ,खेमलाल सेन जिला सह संयोजक, बजरंग दल,विक्की ठाकुर संयोजक, अहिवारा प्रखंड,वरुण निषाद – दुर्ग ग्रामीण संयोजक,रोहित दूबे – भिलाई नगर संयोजक,राहुल साहू – सह संयोजक,मुकेश यादव – बालोपासना प्रमुख, अहिवारा सहित धनेश्वर, चेतन, करण, पीलूराम, मुकेश, सन्नी, साहिल, यशवंत, दीपेश (छोटू), राहुल यादव, रोहित, हनी शर्मा, करताल सिंह, अमित साहू आदि ने थाने पहुचकर शिकायत दर्ज कराई।
बयान – बजरंग दल दुर्ग
सौरभ देवांगन, दुर्ग जिला संयोजक, बजरंग दल ने कहा:
“यह केवल एक बच्ची पर अत्याचार नहीं है, यह हमारी धार्मिक भावनाओं पर सीधा आघात है। इस घटना को हम किसी भी रूप में सहन नहीं करेंगे और दोषियों को कड़ी सजा दिलाकर रहेंगे।”
प्रशासन से मांग
बजरंग दल और विहिप ने स्कूल के खिलाफ धारा 295A व बाल संरक्षण अधिनियम के तहत कार्यवाही की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र न्याय न मिला तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।