रोहित कुमार ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर दर्ज की शानदार उपलब्धि, जंतराम पनिका और मोहनी मरावी ने भी जीते कांस्य पदक
रायपुर। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। 12 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के तीन खिलाड़ियों ने कुल छह पदक अपने नाम किए। इनमें दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए रोहित कुमार, जंतराम पनिका और मोहनी मरावी ने विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। तीनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, खेल कौशल और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए पदक हासिल किए।
रोहित कुमार ने जीते तीन पदक, दो स्पर्धाओं में बनाया रिकॉर्ड
प्रतियोगिता में रोहित कुमार ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक सहित कुल तीन पदक हासिल किए। उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धाओं में शानदार समय दर्ज कर रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी इस उपलब्धि ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले की खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाई।
जंतराम और मोहनी ने भी दिखाया दमखम
इसी प्रतियोगिता में जंतराम पनिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक जीते, वहीं मोहनी मरावी ने एक कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए जिले का मान बढ़ाया।
कलेक्टर ने पदक विजेता खिलाड़ियों को दी बधाई
राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करने के बाद तीनों खिलाड़ियों ने कलेक्टर विजय दयाराम के. से सौजन्य मुलाकात की। कलेक्टर ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर छह पदक जीतना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। इन खिलाड़ियों ने साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर अभ्यास से किसी भी चुनौती को पार कर सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
दिव्यांग प्रतिभाओं ने पेश की प्रेरणा की मिसाल
जीपीएम जिले के इन तीन खिलाड़ियों की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती। कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच अपनी मेहनत एवं आत्मविश्वास से राष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल करने वाले इन खिलाड़ियों की उपलब्धि जिले के अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।