इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में दिखाएंगी दमखम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ की दो होनहार बेटियों ने क्रिकेट के राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। प्रतिभाशाली महिला क्रिकेट खिलाड़ी महक नरवासे और पलक सिंह का चयन भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी इंग्लैंड अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के विरुद्ध होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि से प्रदेश के खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है।
दोनों खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की दो बेटियों का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व और गौरव का विषय है। महक नरवासे और पलक सिंह ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की यह सफलता छत्तीसगढ़ में उभरती खेल प्रतिभाओं की क्षमता को प्रदर्शित करती है। राष्ट्रीय टीम में जगह बनाना वर्षों की मेहनत, निरंतर अभ्यास और मजबूत संकल्प का परिणाम है। उनकी उपलब्धि प्रदेश की अन्य बेटियों और युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा, खेल और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। महक और पलक का चयन उन बालिकाओं के लिए विशेष प्रेरणा है, जो क्रिकेट सहित अन्य खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं।
ओपी चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों, परिवारजनों और उनके खेल सफर में सहयोग देने वाले सभी लोगों को भी बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि महक नरवासे और पलक सिंह इंग्लैंड के विरुद्ध आगामी टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम की सफलता में योगदान देंगी और देश के साथ छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेगी।