जामगांव आर । ग्राम सांतरा एवं धमना में माँ कर्मादेवी की 1010वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर साहू समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा, कलश यात्रा एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण और उल्लास का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना नारद साहू मुख्य रूप से शामिल हुईं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि माँ कर्मादेवी का जीवन सेवा, भक्ति और समाज कल्याण के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है, जो आज भी समाज को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि सच्ची श्रद्धा, समर्पण और परिश्रम के साथ समाज सेवा करने से ही सकारात्मक परिवर्तन संभव है। माँ कर्मा के आदर्श समाज को एकता, सद्भाव और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर तहसील साहू संघ अध्यक्ष लालेश्वर साहू, भाजयुमो नेता नारद साहू, दुलेश्वर साहू, रामानारायण साहू, सरपंच ज्योति गोलू चंद्राकर, परिक्षेत्रीय अध्यक्ष टेसराम साहू सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।