“कुशल महिला–खुशहाल परिवार” अभियान में गूंजा सशक्तिकरण का संदेश, जनपद अध्यक्ष कीर्ति बोलीं— शिक्षित नारी ही समृद्ध समाज की आधारशिला

पाटन। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी बहनों के तत्वावधान में “कुशल महिला – खुशहाल परिवार” अभियान के अंतर्गत पाटन पत्रकार संघ भवन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही, जिससे पूरे आयोजन में जागरूकता, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। अपने उद्बोधन में उन्होंने महिला सशक्तिकरण को समाज के समग्र विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि शिक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर महिला ही सशक्त परिवार एवं समृद्ध समाज का निर्माण करती है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, आत्मनिर्भरता और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
श्रीमती नायक ने “कुशल महिला – खुशहाल परिवार” अभियान की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और दक्षता से ही सामाजिक संरचना मजबूत होती है। उनके विचारों ने उपस्थित महिलाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता का संचार किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता एवं पारिवारिक मूल्यों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नारी शक्ति के विभिन्न आयामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
आयोजन की सफलता में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सुव्यवस्थित प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *